आस्था, संस्कृति और प्रतिभा का संगम बना छठ महापर्व का आयोजन

आस्था, संस्कृति और प्रतिभा का संगम बना छठ महापर्व का आयोजन डाला।नगर पंचायत डाला के वार्ड नंबर एक स्थित काली मंदिर परिसर में छठ महापर्व के अवसर पर जय मां काली सेवा समिति की ओर से भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आकर्षक झांकी, भव्य भंडारे और नृत्य प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहे। भव्य झांकी के माध्यम से धार्मिक आस्था की मनमोहक प्रस्तुति की गई, वहीं नृत्य प्रतियोगिता में बच्चों एवं प्रतिभागियों ने अपनी कला और हुनर का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों और प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही कार्यक्रम में पहुंचे आगंतुकों तथा आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले समिति के सभी सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। समिति के अध्यक्ष धर्मवीर चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष धर्मवीर चौधरी, कोषाध्यक्ष अरुण, सचिव सनी चौधरी, महासचिव प्रियांशु चंद्रवंशी, महामंत्री प्रदीप कुमार सहित सदस्य विक्की पासवान, आजाद, अश्वनी चौधरी, अमन पासवान, साहिल चौधरी, सुजीत चौधरी, आल्हा चंद्रवंशी, राजन यादव, राजेश चंद्रवंशी एवं सरवन चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं आगंतुक मौजूद रहे।