*पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नींद में समा गई जिंदगी,तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत*
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर नींद में समा गई जिंदगी,तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत *ट्रक में पीछे से घुसी अर्टिगा,तीन गंभीर घायल,लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे छह खिलाड़ी* सुल्तानपुर।पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं।धनपतगंज थाना क्षेत्र के सुखबडेरी के पास करीब साढ़े पांच बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। भीषण हादसे में तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।बताया गया कि अर्टिगा में छह लोग सवार थे और सभी लखनऊ से खेलकर देवरिया लौट रहे थे।प्रारंभिक जांच में कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा होने की बात सामने आई है। हादसा होते ही कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम बल्दीराय प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार, थानाध्यक्ष बल्दीराय महेंद्र प्रताप सिंह, थानाध्यक्ष धनपतगंज अंजू मिश्रा और यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। कार का दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को बेहतर इलाज के लिए अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।मृतकों की पहचान देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और भागलपुर निवासी अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।घायल टेनिस खिलाड़ी जयंतो शर्मा ने बताया कि सभी लोग लखनऊ में खेलकर देवरिया लौट रहे थे। यात्रा के दौरान कार में सवार सभी लोग सो रहे थे। अचानक जोरदार टक्कर हुई तो उनकी नींद खुली। सामने का दृश्य देखकर होश उड़ गए। कार ट्रक में बुरी तरह घुसी हुई थी और उनके साथी खून से लथपथ थे। राहगीरों ने कार का दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला।हादसे की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद अज्ञात ट्रक चालक मौके से निकल गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। हादसे के कारणों और ट्रक की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।