चार साल बाद भी नहीं शुरू हुई पानी की सप्लाई, मीनी ट्यूबवेल

चार साल बाद भी नहीं शुरू हुई पानी की सप्लाई, मीनी ट्यूबवेल बना शोपीस। मदरिया । ---------- वार्ड 18 में पेयजल संकट से जूझ रहे लोग, खरीदकर पीने को मजबूर। नगर पंचायत गोला में हर वर्ष गर्मी का मौसम आते ही पेयजल संकट गहरा जाता है, लेकिन इसके समाधान के लिए बनाई गई योजनाएं अधिकतर कागजों तक ही सीमित रह जाती हैं। जमीनी हकीकत यह है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को आज भी शुद्ध पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 18 में करीब चार वर्ष पूर्व लगभग 500 की आबादी तक पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से मीनी ट्यूबवेल का निर्माण कराया गया था। उस समय नगर पंचायत की ओर से दावा किया गया था कि इस ट्यूबवेल के माध्यम से घर-घर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। लेकिन विडंबना यह है कि चार वर्ष बीत जाने के बाद भी इस ट्यूबवेल से एक बूंद पानी भी लोगों के घरों तक नहीं पहुंच सका। करीब एक वर्ष पहले वार्ड के कई घरों में पाइपलाइन बिछाकर नल कनेक्शन भी करा दिए गए, जिससे लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब उन्हें नियमित पेयजल मिलेगा। लेकिन पाइपलाइन और कनेक्शन होने के बावजूद आज तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे वार्ड के लोगों में काफी नाराजगी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उन्हें आज भी शुद्ध पेयजल के लिए परेशान होना पड़ता है और कई बार पीने के लिए पानी खरीदना पड़ता है। वार्ड के लोगों का आरोप है कि मीनी ट्यूबवेल का निर्माण मानकों के विपरीत किया गया। लोहे की पाइप के स्थान पर प्लास्टिक की पाइप का उपयोग किया गया और ट्यूबवेल की गहराई भी पर्याप्त नहीं रखी गई, जिसके कारण नगर क्षेत्र में लगाए गए करीब छह मीनी ट्यूबवेल खराब हो चुके हैं। इसको लेकर सवरू मौर्य, मोतीलाल चौरसिया, कासिम अली, सत्य प्रकाश और दीपक साहनी समेत कई लोगों ने विरोध जताते हुए जल्द से जल्द ट्यूबवेल को चालू कराने की मांग की है। इस संबंध में वार्ड नंबर 18 के सभासद श्रवण वर्मा ने बताया कि पूर्व कार्यकाल में लगाया गया मीनी ट्यूबवेल खराब हो चुका है। फिलहाल एक नए ट्यूबवेल का कार्य प्रगति पर है और इस बाबत ईओ गोला से मिलकर पेयजल समस्या को जल्द दूर कराने की बात कही गई है। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वैभव चौधरी ने बताया कि नगर में पेयजल संकट को दूर करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। डाकबंगला परिसर में बोरिंग का कार्य चल रहा है, जिसके पूरा होते ही पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी