बार-बार बिजली कटौती से रुद्रपुर नगरवासी परेशान, लोगों में भारी आक्रोश रुद्रपुर,

बार-बार बिजली कटौती से रुद्रपुर नगरवासी परेशान, लोगों में भारी आक्रोश रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर नगर पंचायत में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच बिजली की बदहाल व्यवस्था को लेकर नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर में 100 से अधिक बार बिजली की आवाजाही हो रही है। कई बार बिजली आधे घंटे तक गुल रहती है और आने के कुछ ही मिनट बाद फिर कट जाती है। लोगों के अनुसार, आधे घंटे बिजली रहने के बाद हर 10 मिनट पर कटौती होने से घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं। इससे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगरवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी में इस तरह की बिजली व्यवस्था ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। लगातार बिजली कटने से पेयजल आपूर्ति और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था में सुधार करने और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की है। इस समस्या को लेकर जोधा विश्वकर्मा, सोनू गुप्ता, रविंद्र कुमार, मनीष कुमार, ओम प्रकाश, सनी राजभर, रजत वर्मा सहित कई लोगों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उपभोक्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।