गौशालाओं की बदहाली पर गरजी गौ रक्षा वाहिनी,एसडीएम सदर को सौंपा 30

गौशालाओं की बदहाली पर गरजी गौ रक्षा वाहिनी,एसडीएम सदर को सौंपा 30 सूत्रीय ज्ञापन सुल्तानपुर। गौ रक्षा वाहिनी उत्तर प्रदेश ने सोमवार को गौशालाओं की बदहाली,गौ तस्करी और बेसहारा पशुओं के संरक्षण समेत विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया को 30 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने की संस्तुति,जनपद की गौशालाओं की विशेष जांच, पशु बाजारों के सत्यापन और घायल पशुओं के उपचार की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई।प्रदेश प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक हैं। उन्होंने गौशालाओं का विशेष निरीक्षण कर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में ब्लॉक स्तर पर पशु एम्बुलेंस, 24 घंटे हेल्पलाइन, रेस्क्यू टीम, ट्रॉमा सेंटर,सामाजिक ऑडिट, सीसीटीवी निगरानी, पशु चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता तथा आवारा पशुओं से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम समेत 30 प्रमुख मांगें शामिल हैं। इस दौरान प्रदेश महामंत्री जयशंकर दुबे,मुख्य संरक्षक राकेश सिंह 'दद्दू' सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।