देवरिया में पुलिस मुठभेड़: तीन गो-तस्कर गिरफ्तार, 3 गोवंश और भैंस बरामद

देवरिया में पुलिस मुठभेड़: तीन गो-तस्कर गिरफ्तार, 3 गोवंश और भैंस बरामद देवरिया। थाना बरियारपुर पुलिस ने मठिया के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गो-तस्करी से जुड़े तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वयंवर यादव, हरिकेश यादव और पन्नेलाल यादव के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पिकअप वाहन, तीन गोवंश के बछड़े और एक भैंस बरामद की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन में गोवंश लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। मठिया के पास पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरियर तोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर वाहन रुक गया और आरोपी भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया गया। मामले में थाना बरियारपुर में मु0अ0सं0 152/2026 के तहत बीएनएस, आर्म्स एक्ट, गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।