Bansgaon Sandesh
Login
Deoria२५ मिनट पहले

ग्रामीण पत्रकारिता में चुनौतियों पर चर्चा, पत्रकारों ने लिया जनहित का संकल्प

ग्रामीण पत्रकारिता में चुनौतियों पर चर्चा, पत्रकारों ने लिया जनहित का संकल्प

ग्रामीण पत्रकारिता में चुनौतियों पर चर्चा, पत्रकारों ने लिया जनहित का संकल्प भाटपार रानी। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की भाटपार रानी इकाई द्वारा रविवार को स्थानीय ब्लॉक सभागार में “ग्रामीण पत्रकारिता में चुनौतियां” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर ग्रामीण पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और जनहित के विषयों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख बिंदा सिंह कुशवाहा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के सच्चे प्रहरी होते हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता शासन-प्रशासन को आईना दिखाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार समाज की आवाज बनकर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में पत्रकार सीमित संसाधनों के बावजूद जनहित के मुद्दों को सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करें, जिससे समाज में जागरूकता बढ़े और विकास कार्यों को गति मिल सके। जिला अध्यक्ष नागेंद्र नाथ शर्मा ने कहा कि ग्रामीण पत्रकारिता आज कई चुनौतियों से गुजर रही है, लेकिन संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर संगठन की प्रतिबद्धता दोहराई और सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। संगोष्ठी को रामनवल सिंह, केपी गुप्ता, विजय सिंह, मनीष पांडेय और मनोज भारती ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने ग्रामीण पत्रकारों के सामने संसाधनों की कमी, सूचना तक सीमित पहुंच और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गांवों की छोटी-छोटी समस्याओं को उजागर करना पत्रकारों की अहम जिम्मेदारी है, जिससे प्रशासन तक वास्तविक स्थिति पहुंचती है और समाधान का मार्ग प्रशस्त होता है। कार्यक्रम का संचालन विनय पांडेय ने किया। इस अवसर पर सत्यम पांडेय, रामाश्रय यादव, पुरुषोत्तम पांडेय, एम.डी. आजाद, सत्येंद्र शर्मा, मनीष पांडेय, कन्हैया पटवा, पुरुषोत्तम राय, राकेश यादव सहित क्षेत्र के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पत्रकारिता को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया।

0 likes
0 comments1 shares