जखनियां में गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया नमन सत्य, अहिंसा

जखनियां में गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया नमन सत्य, अहिंसा और सादगी के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प जखनियां (गाजीपुर), 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जखनियां में विधिवत मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के आंदोलन में महात्मा गांधी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही। गांधीजी सत्य और अहिंसा के पुजारी थे, लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उनके ‘करो या मरो’ के आह्वान ने आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।वक्ताओं ने कहा कि गांधीजी के विचार और आदर्श आज भी पूरी दुनिया को सत्य, अहिंसा और मानवता का संदेश देते हैं। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाल बहादुर शास्त्री ने सादगीपूर्ण जीवन जीते हुए देश की सेवा की। देश के प्रति उनके समर्पण और नेतृत्व को सदैव स्मरण किया जाता रहेगा।कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जखनियां के अध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने की, जबकि संचालन जिला कांग्रेस कमेटी गाजीपुर के उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह ने किया।इस अवसर पर सर्वानंद चौबे, अनिल कुमार सिंह, अरुण कुमार, अमित कुमार पांडेय, लाल बबलू पांडेय, तूफानी यादव, किशोरी सोनकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।