सुल्तानपुर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में सोमवार देर रात
सुल्तानपुर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में सोमवार देर रात प्रधानाध्यापक मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या से सनसनी फैल गई।मंगलवार सुबह दोनों के शव उनके निजी विद्यालय परिसर में खून से लथपथ मिले।सुबह करीब सात बजे स्कूल की चाबी लेने पहुंचे चालक ने शव देखे तो पुलिस को सूचना दी।मौके से फावड़ा,कुल्हाड़ी और चाकू बरामद होने की जानकारी है।सूचना मिलते ही एसपी विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।प्रारंभिक जांच में आशंका है कि पहले विनीता की विद्यालय के कमरे में हत्या की गई। इसके बाद जान बचाकर करीब 150 मीटर दूर भागे मुकेश को भी हमलावरों ने घेर लिया और हत्या कर दी।मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खुनहट में प्रधानाध्यापक और प्राथमिक शिक्षक संघ,मोतीगरपुर के अध्यक्ष बताए जाते हैं।वह शिक्षक संघ का चुनाव भी लड़ रहे थे। 30 सितंबर को प्रस्तावित चुनाव 28 सितंबर को टाल दिया गया था।हालांकि पुलिस ने हत्या को चुनाव से जोड़कर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।दंपती की हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों का अभी पता नहीं चला है।पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच तेज कर दी है।