Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpur२१ मिनट पहले

सुलतानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और बदहाल संपर्क मार्गों की

सुलतानपुर। इसौली विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और बदहाल संपर्क मार्गों की तस्वीर अब जल्द बदलने वाली है।भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी की पहल पर क्षेत्र में 61 किलोमीटर से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण,सुदृढ़ीकरण और नए संपर्क मार्गों के निर्माण को शासन स्तर पर बड़ी रफ्तार मिली है। पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर प्रस्तावों को मंजूरी देने की सिफारिश की है।मुख्यमंत्री कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए हैं।भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने 2 मई को मंत्री ओम प्रकाश राजभर को पत्र भेजकर क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण और ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण की मांग उठाई थी। प्रस्ताव में अलीगंज-देहली-साहबगंज-शाहगंज-प्रभातनगर मार्ग के करीब 19.40 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण,कुड़वार-धम्मौर मार्ग के 12 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण तथा मुसाफिरखाना-देवरा मार्ग के लगभग 13 किलोमीटर हिस्से को मजबूत करने की मांग शामिल है। इसके अलावा विनायकपुर,सहाबागंज,मुड़वा,माधवपुर आचार्य,सुरजीपुर,नरसड़ा और नोगवां समेत कई गांवों को जोड़ने वाले 12 संपर्क मार्गों के निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। इन संपर्क मार्गों की कुल लंबाई लगभग 17 किलोमीटर बताई जा रही है।मामले में एक और बड़ी सौगात के तहत कुड़वार ब्लॉक के माधवपुर आचार्य क्षेत्र में पुरानी गोमती नदी पर 36 मीटर लंबे लघु सेतु और करीब ढाई किलोमीटर पहुंच मार्ग निर्माण का प्रस्ताव भी भेजा गया है। पुल बनने से बहुबरा,मड़हा खाजापुर, तिवारीपुर,अजीजपुर,धवइयां,रामनगर और परसपुर समेत दर्जनों गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। बरसात में आवागमन की वर्षों पुरानी समस्या खत्म होने की उम्मीद जताई जा रही है।भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव,किसान और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दे रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से इसौली विधानसभा क्षेत्र का सड़क नेटवर्क मजबूत होगा और विकास को नई गति मिलेगी।जिलाध्यक्ष की इस पहल का निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ.आरए वर्मा,भाजपा जिला मंत्री राजेश दूबे निर्माण,भाजपा नेत्री बबिता तिवारी, मीडिया प्रमुख विजय रघुवंशी, रमेश तिवारी, राम जतन यादव, राम प्रकाश विश्वकर्मा,प्रधान प्रतिनिधि मोंटी मिश्रा,संदीप सिंह प्रधान और महावीर श्रीवास्तव समेत कई भाजपा नेताओं ने स्वागत किया है।

0 likes
0 comments0 shares