सुल्तानपुर।पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड में पुलिस
सुल्तानपुर।पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड में पुलिस अधीक्षक श्रीमती चारू निगम ने सलामी लेकर परेड का गहन निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों के वर्दी-टर्नआउट,शस्त्रों के रख-रखाव एवं समग्र प्रस्तुति का बारीकी से परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान एसपी ने अनुशासन को पुलिस बल की आधारशिला बताते हुए टोलीवार ड्रिल का अवलोकन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले जवानों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया गया,जबकि कमियों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उन्होंने प्रशिक्षण अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्रूट आरक्षियों को परेड की सभी गतिविधियों में दक्ष बनाया जाए और पासिंग आउट परेड को समन्वित व आकर्षक रूप से प्रस्तुत किया जाए।उन्होंने कहा कि पासिंग आउट परेड पुलिस बल की कार्यकुशलता और अनुशासन का प्रतीक होती है,इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूर्ण करने तथा आगामी पासिंग आउट परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।इसके बाद उन्होंने क्वार्टर गार्ड में सलामी ली और अर्दली रूम में अभिलेखों का निरीक्षण किया। अभिलेखों के नियमित अद्यतन के साथ परिसर में साफ-सफाई और सुव्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।