लम्भुआ चारा काटने गया 36 वर्षीय युवक रहस्यमय ढंग से लापता,अनहोनी की
लम्भुआ चारा काटने गया 36 वर्षीय युवक रहस्यमय ढंग से लापता,अनहोनी की आशंका,गुमशुदगी दर्ज *सड़क किनारे मिली चप्पल, टिफिन और कटा चारा, परिजनों में मचा कोहराम* *लंभुआ, सुल्तानपुर।* कोतवाली लंभुआ क्षेत्र के शाहपुर हरिवंश गांव निवासी चारा काटने गया 36 वर्षीय युवक अनिल उर्फ पप्पू रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। गुमशुदा युवक के पिता पारसनाथ निषाद पुत्र लल्लू निषाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा अनिल उर्फ पप्पू 08 सितंबर की सुबह 8 बजे जानवरों के लिए चारा काटने हाशिया व ठेलिया लेकर गया था, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटा। शाम करीब 5 बजे परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो मदनपुर चौराहे से सरैया मार्ग पर आधा किलोमीटर आगे सड़क किनारे उसकी ठेलिया, हंसिया और चार गट्ठर कटा हुआ चारा पड़ा मिला। वहीं सड़क पर उसकी चप्पल और ठेलिया पर टिफिन भी मिला। अनहोनी की आशंका से परिजनों में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी निरीक्षक लंभुआ ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर जांच उप निरीक्षक जगदीश यादव को सौंपी गई है। युवक की तलाश की जा रही है।