लखनऊ अमन की दुआओं के साथ अदा हुई नमाज, उत्साह और भाईचारे

लखनऊ अमन की दुआओं के साथ अदा हुई नमाज, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया जा रहा बकरीद का त्योहार राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया जा रहा है। ईदगाह और मस्जिदों में नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी राजधानी लखनऊ सहित पूरे यूपी में ईद उल अजहा का (बकरीद) का त्योहार अकीदत, उल्लास और भाईचारे के माहौल के बीच मनाया जा रहा है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस मौके पर अलग-अलग जिलों की ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी और एक दूसरे को मुबारकबाद दी। घरों में सेवईं और पारंपरिक व्यंजन तैयार किए गए, जबकि मेहमानों की आवभगत का सिलसिला पूरे दिन चलता रहा।लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह में सुन्नी समुदाय की नमाज मौलाना खालिद रशीदी फरंगी महली ने अदा कराई। नमाज के बाद उन्होंने मुल्क और दुनिया में अमन-शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ कराई। वहीं, शिया समुदाय के लोगों ने बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसफी मस्जिद में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। यहां भी मुल्क की तरक्की, अमन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी गईं।नमाज से पहले मुस्लिम धर्मगुरुओं ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बकरीद का त्योहार त्याग, इंसानियत, भाईचारे और अल्लाह की राह में कुर्बानी का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अमन, मोहब्बत और सादगी के साथ पर्व मनाने तथा जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की।पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मस्जिदों और ईदगाहों के बाहर पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा, जिससे पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहा।नमाज के बाद शहरभर में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हो गया। लोगों ने घरों में कुर्बानी कर सुन्नत अदा की। घरों में तरह-तरह के पकवान बने और लोगों ने एक-दूसरे को ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी।