आज बड़हलगंज आएंगे कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर

संकल्प यात्रा व हस्ताक्षर अभियान के तहत संकल्प रथ को दिखाएंगे हरी झंडी, कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे बैठक बड़हलगंज (गोरखपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर सोमवार को बड़हलगंज पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियां स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पूरी कर ली गई हैं। रविवार देर शाम आयोजित पत्रकार वार्ता में सुभासपा युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिखर गुप्ता ने बताया कि कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर बड़हलगंज पहुंचकर संकल्प यात्रा एवं हस्ताक्षर अभियान के तहत संकल्प रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वह पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की नीतियों एवं सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे। शिखर गुप्ता ने कहा कि मंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुभासपा जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। ओम प्रकाश राजभर के बड़हलगंज आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। पत्रकार वार्ता के दौरान सुभासपा के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।