Bansgaon Sandesh
Login
रिपोर्टर राहुल कुमार सिंह
Sultanpurलगभग १ घंटा पहले

131 मीटर तिरंगे ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का जोश,हजारों कदमों से गूंजा बल्दीराय

131 मीटर तिरंगे ने बढ़ाया राष्ट्रभक्ति का जोश,हजारों कदमों से गूंजा बल्दीराय सुल्तानपुर।स्वतंत्रता दिवस पर बल्दीराय में शनिवार को देशभक्ति का ऐसा नजारा दिखा कि पूरा क्षेत्र तिरंगे के रंग में रंग गया। सेंट जोन्स कान्वेंट स्कूल गनापुर के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य शिवम श्रीवास्तव की अगुवाई में 131 मीटर लंबे तिरंगे के साथ ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई। विशाल तिरंगे को थामे हजारों लोग जब सड़कों पर उतरे तो भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।बल्दीराय तहसील परिसर से ब्लॉक प्रमुख शिवकुमार सिंह,सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार,नायब तहसीलदार गुलाब सिंह और नायब तहसीलदार विशाल सिंह ने किया।यात्रा में स्कूली बच्चों,शिक्षकों,अभिभावकों,जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।यात्रा टेरी,बल्दीराय थाना मोड़,बल्दीराय बाजार,पटैला और पूरे फत्ते भरसैया होते हुए सेंट जोन्स कान्वेंट स्कूल गनापुर पहुंची। पूरे रास्ते 131 मीटर लंबा तिरंगा आकर्षण का केंद्र बना रहा। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।यात्रा के साथ निकली देशभक्ति से ओतप्रोत झांकी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मंगल पांडेय, रानी लक्ष्मीबाई, सुखदेव और राम प्रसाद बिस्मिल के बलिदान को झांकी के माध्यम से याद किया गया। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान ने लोगों में देशप्रेम की भावना को और प्रबल किया।कई किलोमीटर का सफर तय करने के बाद यात्रा स्कूल परिसर पहुंची,जहां भव्य समापन हुआ।विद्यालय प्रबंधक ने यात्रा में शामिल लोगों का स्वागत किया।आयोजक शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि तिरंगा देश की एकता,अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करती हैं।

0 likes
0 comments0 shares