पोर्टल पर एक भी फाइल पेंडिंग मिली तो होगी कार्रवाई — सदर

पोर्टल पर एक भी फाइल पेंडिंग मिली तो होगी कार्रवाई — सदर एसडीएम दीपक गुप्ता घर-घर सत्यापन के बिना नहीं बनेगा आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र; जनगणना कार्य में भी जीरो टॉलरेंस के निर्देश गोरखपुर। सदर तहसील सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सदर एसडीएम दीपक गुप्ता ने अधिकारियों, कानूनगो और लेखपालों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर एक भी आवेदन लंबित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित कर्मचारी एवं अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान एसडीएम ने जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए इसे शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न किया जाए। आंकड़ों में किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्रों के सत्यापन को लेकर भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी केवल कागजी औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि स्वयं आवेदक के घर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करें। बिना जांच के रिपोर्ट अपलोड करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सत्यापन रिपोर्ट ऐसी होनी चाहिए जिस पर भविष्य में कोई सवाल न उठ सके। यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक में पोर्टल पर लंबित आवेदनों की स्थिति पर एसडीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि फाइलों को जानबूझकर रोकना या अनावश्यक देरी करना गंभीर लापरवाही माना जाएगा। एसडीएम ने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखने तथा समय-समय पर समीक्षा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने हर स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में डिप्टी कलेक्टर एवं तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार आकांक्षा पासवान, नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला, आरके हरि प्रकाश श्रीवास्तव, कानूनगो, लेखपाल तथा अन्य पटल प्रभारी मौजूद रहे।