शिव-विवाह प्रसंग पर झूम उठा पांडाल: भक्ति, उल्लास और जयघोष से गूंजा वेदमंदिर नगर

घघसरा बाजार । नगर पंचायत घघसरा बाजार के वार्ड नंबर 15 वेदमंदिर नगर (शिवपुर नचनी) में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान शिव-विवाह प्रसंग ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया। चौरसिया परिवार के तत्वावधान में चल रही इस पावन कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा। कथा व्यास आचार्य विजयनाथ महाराज जी (श्रीधाम अयोध्या) ने शिव-विवाह प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और रोचक वर्णन किया। उन्होंने बताया कि भगवान शिव का विवाह केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि त्याग, प्रेम और समर्पण का अद्भुत संदेश है। जैसे ही बारात का वर्णन हुआ, पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और माहौल शिवमय हो गया। महाराज जी ने माता पार्वती की कठोर तपस्या, भगवान शिव की सादगी और विवाह के दिव्य दृश्य का ऐसा सजीव चित्रण किया कि श्रद्धालु खुद को उस युग में महसूस करने लगे। बारात के अनोखे स्वरूप—भूत-प्रेत, गण और देवताओं के संग—का वर्णन सुनकर श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान महिलाओं ने मंगलगीत गाकर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया, वहीं युवाओं ने भजन-कीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा क्षेत्र श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, श्रद्धालु एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। आयोजक चौरसिया परिवार ने सभी श्रद्धालुओं के लिए उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की, जिसकी सभी ने सराहना की।