*बालिकाओं ने किया पुलिस चौकी कसरवल और समधिया के नवनिर्मित भवनों का

*बालिकाओं ने किया पुलिस चौकी कसरवल और समधिया के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन* *मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक* *एसपी उत्तरी राजेश धुनावत ने बालिकाओं को बताए अधिकार, सुरक्षा और सशक्तीकरण के उपाय* सहजनवा गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-6.0 के विशेष अभियान के तहत रविवार को सहजनवां थाना क्षेत्र में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बालिकाओं के हाथों पुलिस चौकी कसरवल और पुलिस चौकी समधिया के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन कराया गया। इस पहल के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश देने के साथ ही बालिकाओं को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावत ने उपस्थित बालिकाओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों, आत्मसम्मान तथा महिला सशक्तीकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच संबंधित पुलिस अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग और इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, पासवर्ड, ओटीपी या बैंक संबंधी विवरण साझा नहीं करना चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान लोगों के कहने पर ऑनलाइन लेनदेन करने से भी बचना चाहिए। पुलिस अधीक्षक उत्तरी ने बालिकाओं को जागरूक और सतर्क रहने के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं और जागरूकता अभियानों की उपयोगिता पर भी जोर दिया, ताकि महिलाएं और बालिकाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करते हुए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में आगे बढ़ सकें। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं द्वारा पुलिस चौकियों के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन कराया जाना महिला सशक्तीकरण के संदेश को प्रभावी ढंग से सामने लाने की पहल रही। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी गीडा आभा सिंह, थानाध्यक्ष सहजनवां सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।