सुल्तानपुर में पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था, डीएम के निर्देश
सुल्तानपुर में पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था, डीएम के निर्देश पर पहल तेज सुल्तानपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर जनपद में पशुओं के लिए हरे चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य तेज कर दिया गया है। यह अभियान मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। जनपद के चारागाहों एवं गौशालाओं में खाली पड़ी भूमि पर बड़े पैमाने पर हरे चारे की बुवाई कराई गई है, जिससे गौशालाओं में संरक्षित पशुओं को पर्याप्त पोषण मिल सके। हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, ताकि गायों और अन्य पशुओं के खान-पान में सुधार हो सके। भीषण गर्मी को देखते हुए गौशालाओं में विशेष इंतजाम किए गए हैं। पशुओं को राहत देने के लिए छाया हेतु टाट, बोरे एवं कूलर की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें गर्मी से बचाया जा सके। प्रभारी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने जनपद के सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में प्रतिदिन निरीक्षण करें। साथ ही जियो-टैग फोटो के माध्यम से रिपोर्ट जिला स्तर पर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इस पहल से न केवल पशुओं को पर्याप्त हरा चारा उपलब्ध हो सकेगा, बल्कि गर्मी के मौसम में उनके स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल भी सुनिश्चित होगी।