: बजट रेलवे व आमजन के हितों के खिलाफ, वेलफेयर स्टेट की अवधारणा कमजोर: अरविंद कुमार सिंह

बांसगांव संदेश। पूर्वोत्तर रेलवे कर्मचारी संघ के महामंत्री, ट्रेड यूनियन एक्टिविस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद कुमार सिंह ने केंद्रीय बजट को रेलवे और आम जनता के लिए निराशाजनक करार दिया है। उन्होंने कहा कि बजट में रेल संरक्षा, यात्री सुविधाओं और रेलवे नेटवर्क के विस्तार के लिए कोई ठोस या विशेष घोषणा नहीं की गई, जिससे रेलवे कर्मचारियों और यात्रियों दोनों में निराशा है। अरविंद कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा के विस्तार में निवेश की कोई स्पष्ट योजना पेश नहीं की और इसके बजाय निजी क्षेत्र की भूमिका को बढ़ावा दिया जा रहा है। उनका कहना है कि लगभग सभी क्षेत्रों में निजी घरानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जबकि सरकारी क्षेत्र को न्यूनतम करने की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने बजट के बाद शेयर बाजार में आई गिरावट का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लेन-देन पर 0.2 से 0.5 प्रतिशत की वृद्धि से टैक्स में 250 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी ने बाजार को प्रभावित किया है, जो बजट की अलोकप्रियता दर्शाता है। कुल मिलाकर यह बजट हवा-हवाई है और संविधान में निहित वेलफेयर स्टेट की अवधारणा को कमजोर करता है।