पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित बाल अपचारी गिरफ्तार बांसगांव संदेश गोरखपुर।

पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित बाल अपचारी गिरफ्तार बांसगांव संदेश गोरखपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से थाना बेलघाट पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बेलघाट विकास नाथ के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई निरंतर जारी है। इसी अभियान के तहत थाना बेलघाट पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 270/2025, धारा 37(2) बीएनएस, बढ़ोत्तरी धारा 65(1), 87 बीएनएस एवं 5L/6 पॉक्सो एक्ट से संबंधित वांछित बाल अपचारी सन्नी उर्फ सनी (उम्र लगभग 17 वर्ष), निवासी ग्राम छितौना, को दिनांक 23 जनवरी 2026 को समय करीब 10:20 बजे ग्राम सोमवापुर के पास गोरखपुर–पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अभियुक्त की तलाश काफी समय से की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना लाकर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अभियुक्त पर आरोप है कि उसने थाना बेलघाट क्षेत्र की एक किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से भगा लिया और उसके साथ विवाह कर शारीरिक संबंध स्थापित किए, जिसके चलते पीड़िता वर्तमान में लगभग आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार यादव, कांस्टेबल महेश कुमार एवं कांस्टेबल ओमप्रकाश सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।