किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए

किसान दिवस में किसानों ने उठाईं समस्याएं, डीएम ने अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश देवरिया, 16 सितंबर। बांसगांव संदेश बरहज जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन विकास भवन के गांधी सभागार में हुआ। बैठक में किसानों ने विद्युत, सिंचाई, अंश निर्धारण, गन्ना भुगतान, दुग्ध भुगतान सहित विभिन्न समस्याएं उठाईं।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस की बैठक में पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों और किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नम्रता के साथ उनका समाधान करें। उन्होंने सभी विभागों को अगली बैठक से पूर्व लंबित मामलों की अनुपालन आख्या अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य ने गत किसान दिवस में प्राप्त 10 शिकायतों की अनुपालन आख्या से किसानों को अवगत कराया। पाण्डेय चक चौराहे पर जलजमाव के कारण करीब 400 एकड़ धान की फसल खराब होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिंचाई (नहर) को समस्या के समाधान के निर्देश दिए। ग्राम बलियवां में विद्युत पोल न होने की शिकायत पर विद्युत विभाग को अवर अभियंता से जांच कराकर नियमानुसार पोल लगवाने के निर्देश दिए गए। खजुरी करौता में विद्युत तार नीचे होने की शिकायत पर तार को दुरुस्त कराने के लिए भी निर्देशित किया गया। किसानों ने अंश निर्धारण के नाम पर धन उगाही किए जाने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने किसानों से स्पष्ट कहा कि अंश निर्धारण के लिए किसी को पैसा न दें और अपना आवेदन संबंधित तहसील में जमा करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में अंश निर्धारण नहीं करने वाले लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। विद्युत आपूर्ति को लेकर किसानों की ओर से उठाई गई समस्याओं पर जिलाधिकारी ने बताया कि रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। विद्युत आपूर्ति की जांच भी कराई जा रही है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नहरों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए, ताकि टेल तक पानी पहुंचने की स्थिति स्पष्ट रहे और नहरों के कटान या अन्य कारणों से फसलों को नुकसान न हो। किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने ग्राम सचिवालयों में पंचायत एवं राजस्व कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि ग्रामीणों की अधिक से अधिक समस्याओं का निस्तारण गांव स्तर पर ही हो सके। गन्ना भुगतान से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी ने कहा कि चीनी मिलों को पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध होना जरूरी है। उत्पादन और उत्पादकता में संतुलन रहने से मिलों का संचालन और किसानों का भुगतान सुचारु रूप से हो सकेगा। दुग्ध विभाग की ओर से बकाया भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने दुग्ध प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। तेनुआ चौबे के जितेन्द्र चतुर्वेदी ने टीनशेड के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार को हटाने की मांग की। इस पर अधिशासी अभियंता विद्युत, बरहज को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विकास अधिकारी, परियोजना अधिकारी, उप कृषि निदेशक, प्रभारी जिला कार्यकारी अधिकारी मत्स्य, सिंचाई, नलकूप एवं विद्युत विभाग के अधिकारी, प्रभारी अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी, प्रभारी सहायक निबंधक सहकारी समितियां, प्रभारी दुग्ध उत्पादक, जिला समन्वयक एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसान यूनियन के राघवेन्द्र प्रताप शाही, अतुल मिश्रा, कौशलेश नाथ मिश्रा, प्रगतिशील कृषक रमेश मिश्रा, सत्याग्रहण सरोज, सदानन्द यादव, जितेन्द्र चतुर्वेदी, धनन्जय सिंह, मारकण्डेय सिंह समेत अन्य किसान उपस्थित रहे।