डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छठी मईया के जयकारों से गूंजा पाली ब्लॉक

घघसरा, गोरखपुर। बांसगांव संदेश। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार को पाली ब्लॉक क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। नगर पंचायत घघसरा के हनुमंत नगर, तुलसीदास नगर, वेद नगर, जेठूराम नगर, डुमरी सहित सभी वार्डों और ग्राम पंचायतों के घाटों, तालाबों व पोखरों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजी व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मईया से परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। घाटों पर दीपों की जगमगाहट, पारंपरिक छठ गीतों और जयकारों ने ऐसा भक्तिमय माहौल बनाया कि पूरा क्षेत्र छठमय हो उठा। नगर पंचायत और ग्राम पंचायतों की ओर से घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, प्रकाश और गाजे-बाजे की व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। वहीं सभी घाटों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई गई। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभाकर दुबे ने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया। आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता की यह तस्वीर पूरे क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बनी रही।