सुलतानपुर।बल्दीराय तहसील का नवनिर्मित भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन
सुलतानपुर।बल्दीराय तहसील का नवनिर्मित भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है, लेकिन अभी तक तहसील कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित नहीं किया गया है।इसके चलते तहसील का कामकाज अब भी डाकबंगले के अस्थायी भवन में संचालित हो रहा है, जहां अव्यवस्था और सीमित संसाधनों के कारण आम जनता और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नया भवन तैयार होने के बावजूद शिफ्टिंग में हो रही देरी से लोगों में नाराजगी है। तहसील में प्रतिदिन बड़ी संख्या में फरियादी अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं,लेकिन पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण उन्हें बैठने, दस्तावेज रखने और अन्य सुविधाओं के अभाव में दिक्कतें होती हैं। कर्मचारियों को भी अभिलेखों के रख-रखाव और कार्य संचालन में समस्या का सामना करना पड़ रहा है।बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज सिंह ने बताया कि वर्ष 2016 से तहसील का संचालन डाकबंगले के भवन में हो रहा है, जो अब जर्जर और अपर्याप्त साबित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नए तहसील भवन में जल्द से जल्द कार्यालय स्थानांतरित किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और न्यायिक व राजस्व कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर कुछ औपचारिकताएं अभी पूरी की जानी बाकी हैं, जिसके कारण शिफ्टिंग में विलंब हो रहा है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही तहसील कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित कर दिया जाएगा।अब क्षेत्रीय लोगों की निगाहें प्रशासन के फैसले पर टिकी हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द शिफ्टिंग नहीं हुई तो समस्या और बढ़ेगी। वहीं नए भवन के शुरू होने से न केवल आम जनता को राहत मिलेगी बल्कि कर्मचारियों को भी बेहतर कार्य वातावरण मिल सकेगा।