Bansgaon Sandesh
Login

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए पीठासीन अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए पीठासीन अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन के लिए पीठासीन अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से कराया गया अवगत, निष्पक्षता, पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश देवरिया । बांसगांव सन्देश । गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 के सकुशल संपादन के लिए शुक्रवार को पूर्वाह्न 11 बजे विकास भवन स्थित गांधी सभागार में पीठासीन अधिकारियों और प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए प्रभारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि सभी मतदान कार्मिक निर्वाचन संबंधी नियमों का सूक्ष्मता से अध्ययन कर लें और अपनी शंकाओं का समय रहते समाधान प्राप्त कर लें। किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत समस्या होने पर इसकी सूचना समय से दें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक संवेदनशील प्रक्रिया है और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ संपन्न कराया जाना है। इसलिए सभी कार्मिक सजग और मुस्तैद रहें। उन्होंने मतदान के दौरान निष्पक्षता, कर्तव्यनिष्ठा, पारदर्शिता, शुचिता और समयबद्धता के पंचसूत्र का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी रवानगी स्थल, स्टेशनरी प्राप्त करने, मतदान केंद्र की तैयारी और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन अधिकारी संजय कुमार, सहायक अभियंता, नलकूप अनुरक्षण खंड, देवरिया अनुपस्थित पाए गए। दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह विभागीय प्रशिक्षण के लिए लखनऊ आए हैं, जो जनवरी 2027 तक चलेगा। इसी प्रकार प्रथम मतदान अधिकारी राजेश कुमार गौड़, सहायक लेखा परीक्षा अधिकारी, कार्यालय स्थानीय निधि एवं लेखा परीक्षा, देवरिया भी प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। दूरभाष पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि उनका स्थानांतरण महराजगंज जनपद में हो गया है। मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश यादव ने निर्वाचन प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पीठासीन अधिकारी और प्रथम मतदान अधिकारी के कर्तव्यों, नियमानुसार मतदान संपन्न कराने, विभिन्न प्रपत्रों एवं प्रारूपों को भरने, मतपेटी खोलने और सील करने, मतपत्र लेखा तैयार करने, निर्वाचन संबंधी अभिलेखों को लिफाफों में सीलबंद करने तथा डायरी तैयार करने और उसके रखरखाव की प्रक्रिया समझाई। मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश यादव और शैलेश तिवारी ने मतदान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए कठिन प्रश्नों के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया का अभ्यास कराया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निर्वाचकों की पहचान सुनिश्चित करने, निर्वाचन प्रक्रिया का अभिलेखीकरण करने, मतपत्रों के प्रतिपर्ण पर निर्वाचकों का विवरण दर्ज करने और मतपत्र जारी करने की प्रक्रिया समझाई गई। इसके अलावा मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, दृष्टिबाधित एवं अशक्त निर्वाचकों तथा उनके साथ आने वाले व्यक्तियों से संबंधित घोषणाओं का अनुपालन कराने, मतदान अभिकर्ताओं के आचरण और उनकी शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई। चेकलिस्ट तथा अनुबंध-ग भरने का भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के अंत में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का विधिवत अभ्यास कराते हुए प्रशिक्षण संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण में जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, प्रभारी अधिकारी एवं नोडल अधिकारी मतदान कार्मिक/मुख्य विकास अधिकारी तथा मास्टर ट्रेनर ज्ञानेश यादव और शैलेश तिवारी उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares