वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को लेकर सपा ने बनाई रणनीति

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक शनिवार को जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष हवलदार यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर दो से आठ अक्तूबर तक चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर रणनीति तय की गई। जिलाध्यक्ष ने बताया कि चार अक्तूबर को विधानसभा स्तर पर बैठक कर कार्यकर्ताओं को संगठित करने और जिला स्तरीय मार्च की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। पांच और छह अक्तूबर को कार्यकर्ताओं की ओर से मतदाता सूची को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि सात अक्तूबर को पार्टी की ओर से जिला मुख्यालय पर मार्च निकाला जाएगा। मार्च रैदोपुर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा से शुरू होकर नेहरू हॉल, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस, घंटाघर चौराहा और अग्रसेन चौराहा होते हुए अंबेडकर पार्क पहुंचेगा। वहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद जिलाधिकारी कार्यालय के सामने राष्ट्रगान होगा। इसके बाद संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक पाठ किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची में वोट जोड़ने और काटने की प्रक्रिया की जा रही है। बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरोध में पुतला दहन का भी निर्णय लिया गया। पार्टी ने कार्यक्रम में सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भाग लेने की अपील की। बैठक में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक, एमएलसी शाह आलम गुड्डू जमाली, डॉ. संग्राम यादव, नफीस अहमद, अखिलेश यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।