डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीम फील्ड में सक्रिय, ईओ
डीएम के निर्देश पर नगर पालिका की टीम फील्ड में सक्रिय, ईओ लालचंद सरोज ने संभाली कमान मोहल्ले-मोहल्ले और वार्ड-वार्ड पहुंचकर हो रहा निरीक्षण, जरूरत पड़ने पर टिल्लू पंप से तत्काल कराई जाएगी जल निकासी सुल्तानपुर। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर पालिका परिषद की टीम पूरी तरह से फील्ड में सक्रिय है। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज स्वयं नगर क्षेत्र का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं और मोहल्ले-मोहल्ले तथा वार्ड-वार्ड पहुंचकर जलभराव, नालियों, सड़कों और गिरे पेड़ों की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार अभी तक नगर क्षेत्र के किसी भी वार्ड में जलभराव की गंभीर समस्या नहीं है। इसके बावजूद बारिश को देखते हुए सभी वार्डों में लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कहीं भी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। ईओ लालचंद सरोज ने बताया कि नगर पालिका की टीमें लगातार फील्ड में मौजूद हैं। यदि किसी वार्ड में जलभराव की शिकायत मिलती है तो टीम को तत्काल मौके पर भेजकर टिल्लू पंप लगाकर पानी की निकासी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। *गिरे पेड़ों को हटाकर रास्ते किए जा रहे सुचारु* खराब मौसम के दौरान कहीं पेड़ गिरने की सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पेड़ को हटाने का कार्य कर रही है, ताकि आवागमन बाधित न हो। साथ ही नालियों और जल निकासी व्यवस्था पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। *हर वार्ड पर नगर पालिका की नजर* ईओ लालचंद सरोज ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं। जलभराव, गिरे पेड़, सड़क पर अवरोध अथवा अन्य किसी नागरिक समस्या की सूचना मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान घबराने की आवश्यकता नहीं है। किसी भी वार्ड या मोहल्ले में जलभराव अथवा अन्य समस्या दिखाई देने पर नगर पालिका को सूचना दें, ताकि टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करा सके।