Bansgaon Sandesh
Login
Nitish Kumar
Gorakhpurलगभग ३ घंटे पहले

सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज का बिहार में बड़ा निवेश, औद्योगिक विकास और ग्रीन एनर्जी को मिलेगी नई रफ्तार

सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज का बिहार में बड़ा निवेश, औद्योगिक विकास और ग्रीन एनर्जी को मिलेगी नई रफ्तार

बिहार। बांसगांव संदेश। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज द्वारा बिहार में किए गए निवेश से राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। सुपीरियर ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रबंध निदेशक श्री मनीष अग्रवाल तथा सीएचआर एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने बिहार के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नालन्दा जनपद में स्थित चंद्रिका पावर प्राइवेट लिमिटेड के टेकओवर और उसके सुचारु संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। बैठक के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने बिहार पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक एवं डीआईजी (लॉ एंड ऑर्डर) से भी मुलाकात कर प्लांट संचालन के दौरान उत्पन्न हो रही चुनौतियों से अवगत कराया। अपर पुलिस महानिदेशक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान के निर्देश दिए और उद्योगों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए उद्योगों और उद्यमियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण देना आवश्यक है। साथ ही बिहार में निवेश कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए सुपीरियर ग्रुप का आभार व्यक्त किया। माननीय उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी ने कहा कि बिहार सरकार एथनॉल आधारित उद्योगों को विशेष प्राथमिकता दे रही है। एथनॉल उत्पादन से किसानों को मक्का, गन्ना और चावल जैसी फसलों का बेहतर मूल्य मिलेगा, वहीं ऊर्जा सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार बिहार को देश का प्रमुख ग्रीन एनर्जी और एथनॉल हब बनाने के लक्ष्य पर उद्योगों के साथ मिलकर कार्य कर रही है, और सुपीरियर ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित निवेशकों की भागीदारी इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर डॉ. सुनील कुमार मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री, बिहार पुलिस प्रशासन एवं सभी संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सुपीरियर ग्रुप राज्य के औद्योगिक विकास, स्थानीय रोजगार सृजन और सतत ऊर्जा के क्षेत्र में दीर्घकालिक योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह शिष्टाचार भेंट बिहार में उद्योगों के लिए बन रहे सकारात्मक निवेश माहौल और सरकार–उद्योग समन्वय का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है, जो राज्य के आर्थिक विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

0 likes
0 comments0 shares