बांसगांव में ग्राम सभा अतरौली की बेशकीमती जमीन पर आलीशान मकान का आरोप,
बांसगांव में ग्राम सभा की बेशकीमती जमीन पर आलीशान मकान का आरोप, जांच की मांग बांसगांव संदेश। बांसगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत अतरौली में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर कथित कब्जा कर आलीशान मकान बनाए जाने का मामला सामने आया है। ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रंगनाथ त्रिपाठी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत अतरौली की गाटा संख्या 48 में दर्ज बंजर भूमि बांसगांव-कौड़ीराम मुख्य मार्ग पर स्थित है। शिकायतकर्ता ने उक्त भूमि की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक होने का दावा करते हुए ग्राम प्रधान रमाकांत शर्मा पर कथित रूप से कब्जा कर मकान निर्माण कराने का आरोप लगाया है। रंगनाथ त्रिपाठी ने राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ मौके पर स्थलीय निरीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि होती है तो नियमानुसार भूमि को कब्जामुक्त कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उपजिलाधिकारी बांसगांव मलखान सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी कार्यालय से पत्र प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासनिक जांच के बाद ही भूमि और निर्माण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।