*पत्रकार से मोबाइल छीनने और वीडियो डिलीट कराने के आरोप पर गरमाया

*पत्रकार से मोबाइल छीनने और वीडियो डिलीट कराने के आरोप पर गरमाया मामला, गोरखपुर जिले के सभी पत्रकार ने एसएसपी से की मुलाकात* गोरखपुर। 10 जुलाई की रात पत्रकार अमित कुमार के साथ कथित रूप से मोबाइल छीनने और कवरेज का वीडियो डिलीट कराने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस प्रकरण को लेकर गोरखपुर जिले के सभी पत्रकारो ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गोरखपुर से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई की रात पत्रकार अमित कुमार को सूचना मिली कि समाजवादी पार्टी के नेता अरविंद शुक्ला ने राम मंदिर चंदा चोरी से संबंधित एक पोस्टर लगाया है। सूचना मिलने पर अमित कुमार समाचार कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस भी वहां पहुंची और पोस्टर हटवा दिया। बताया जाता है कि बाद में पुलिस को जानकारी मिली कि अरविंद शुक्ला समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शमीम कुरैशी के आवास पर मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वहां पहुंची। पत्रकार अमित कुमार भी गिरफ्तारी की कार्रवाई का कवरेज करने के लिए मौके पर मौजूद थे। अमित कुमार का आरोप है कि वह सड़क पर खड़े होकर अपने मोबाइल से कवरेज कर रहे थे। इसी दौरान सीओ मौके से बाहर निकले और कथित रूप से वहां मौजूद लोगों के मोबाइल छीनने का निर्देश दिया। अमित कुमार का कहना है कि नखास चौकी प्रभारी दुर्गेश वैश्य ने उनका मोबाइल छीन लिया, जबकि वह बार-बार स्वयं को पत्रकार बताते रहे। उनके पास प्रेस आईडी, मीडिया माइक सहित सभी आवश्यक पहचान मौजूद थी, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। पत्रकार का आरोप है कि पुलिस उनका मोबाइल लेकर कोतवाली चली गई। वह भी कोतवाली पहुंचे, लेकिन किसी अधिकारी से मुलाकात नहीं हो सकी। कई बार फोन करने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। बाद में दुर्गाबाड़ी चौकी प्रभारी भवानी सिंह रात करीब 12:30 बजे कोतवाली पहुंचे और उन्हें अंदर ले गए। अमित कुमार का आरोप है कि गिरफ्तारी की कवरेज से संबंधित वीडियो उनसे जबरन डिलीट कराया गया, जिसके बाद ही उनका मोबाइल वापस किया गया। अमित कुमार का कहना है कि उन्होंने पुलिस की कार्रवाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं पहुंचाई थी और केवल एक पत्रकार के रूप में अपना कर्तव्य निभा रहे थे। इसी मामले को लेकर आज गोरखपुर जिले के सभी पत्रकारो ने एसएसपी गोरखपुर से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसएसपी गोरखपुर ने सभी पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी थानों और चौकियों को निर्देश दिए जाएंगे कि मीडिया के कार्य में अनावश्यक हस्तक्षेप न किया जाए और पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।