ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में अंशु यादव और आरती प्रजापति ने मारी बाजी

मदरिया/गोरखपुर। बीआरसी गोला में ब्लॉक स्तरीय निबंध एवं पठन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी लेखन क्षमता, पठन दक्षता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निबंध लेखन में पीएम श्री विद्यालय मदरिया की अंशु यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि उच्च प्राथमिक विद्यालय रानीपुर की अनिष्का द्वितीय और उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर की आंचल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, पठन प्रतियोगिता में पीएम श्री विद्यालय मदरिया की आरती प्रजापति ने प्रथम, उच्च प्राथमिक विद्यालय रानीपुर की रागिनी ने द्वितीय तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय लक्ष्मीपुर की अर्पिता ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी उदय शंकर राय ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से बच्चों में भाषा ज्ञान, विचारों की स्पष्टता और रचनात्मकता का विकास होता है। प्राथमिक शिक्षक संघ गोला के ब्लॉक अध्यक्ष काशीनाथ तिवारी और ब्लॉक मंत्री प्रेम प्रकाश सिंह ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एआरपी गोविंद पटेल, स्वर्ण प्रकाश शुक्ला, अवनीश नंदन पांडेय तथा शिक्षक रामनयन शुक्ल, हरिकेश सिंह, विवेक चौहान, सचिन, विशाल और मुकेश कुमार राय सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों का योगदान रहा।