न्यूज़ देवरिया, रोडवेज परिसर में जर्जर कूड़ेदान बना मुसीबत, गंदगी और दुर्गंध
न्यूज़ देवरिया, रोडवेज परिसर में जर्जर कूड़ेदान बना मुसीबत, गंदगी और दुर्गंध से यात्री परेशान, देवरिया। स्वच्छता अभियान के दावों के बीच देवरिया रोडवेज परिसर में नगर पालिका द्वारा लगाया गया कूड़ेदान बॉक्स अपनी बदहाल स्थिति के कारण यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कूड़ेदान पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे उसमें डाला गया कूड़ा नीचे जमीन पर बिखर जाता है। यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़े-गले खाद्य पदार्थ व अन्य कचरा नीचे गिरने से पूरे परिसर में दुर्गंध फैल रही है। इससे न केवल यात्रियों को असुविधा हो रही है, बल्कि संक्रमण फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। रोजाना हजारों यात्रियों की आवाजाही वाले रोडवेज परिसर में यह स्थिति नगर पालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल क्षतिग्रस्त कूड़ेदान को हटाकर नया डस्टबिन लगाए और परिसर की नियमित सफाई सुनिश्चित करे, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। डाइनामाइट न्यूज़ देवरिया प्रशासन से मांग करता है कि स्वच्छता अभियान को केवल कागजों तक सीमित न रखकर धरातल पर भी प्रभावी बनाया जाए, जिससे आम जनता को राहत मिल सके।