पश्चिम बंगाल चुनाव रुझानों पर बड़हलगंज में जश्न, भाजपा समर्थकों ने बांटी मिठाइयां

बड़हलगंज/गोरखपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में माहौल बनता देख बड़हलगंज क्षेत्र में पार्टी समर्थकों और व्यापारियों द्वारा खुशी का इजहार किया गया। इस दौरान स्थानीय बाजार में एकत्रित लोगों ने मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया और एक-दूसरे को बधाई दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि यह जीत राष्ट्रवाद और हिंदुत्व की विचारधारा की जीत के रूप में देखी जा रही है। वक्ताओं का कहना था कि इस जनादेश के बाद पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, अवैध गतिविधियों और घुसपैठ पर प्रभावी नियंत्रण किया जाएगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रदेश में उद्योग, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई शुरुआत होगी। इस अवसर पर सर्राफा व्यापार मंडल के महामंत्री प्रभुनाथ सोनी, व्यापारी नेता अशोक जायसवाल, विजय निगम, रविन्द्र वर्मा, बिक्की वर्मा, अमित मद्धेशिया, सदानंद तिवारी, राजेश मद्धेशिया, शंभू गिरी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि यह जनसमर्थन देश में सकारात्मक बदलाव और सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की और भविष्य में इसी तरह के विकास कार्यों की उम्मीद जताई।