मॉर्निंग वॉक पर निकले छात्र को डंपर ने रौंदा, मौके पर मौत;

मॉर्निंग वॉक पर निकले छात्र को डंपर ने रौंदा, मौके पर मौत; चालक फरार लखनऊ। मलिहाबाद में आज सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले 11वीं के छात्र आरिफ (20) को तेज रफ्तार अज्ञात डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर मुजासा सुपर नर्सरी के पास हुई। आरिफ अपने घर बड़ी गढ़ी, मलिहाबाद लौट रहा था, तभी हरदोई की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे रौंद दिया। टक्कर मारने के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से आरिफ का मोबाइल फोन बरामद किया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरिफ सफा पब्लिक स्कूल मलिहाबाद में 11वीं का छात्र था और नीट की तैयारी भी कर रहा था। वह स्कूल के बाद अपने पिता हनीफ के साथ खेती में भी हाथ बंटाता था। परिवार में पिता हनीफ, मां रेशमा बानो और दो बहनें सबा व सना हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मलिहाबाद के इंस्पेक्टर सुरेंद्र मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले डंपर की तलाश की जा रही है।