भारी बारिश के चलते गोरखपुर में 26 सितंबर को कक्षा 1 से
भारी बारिश के चलते गोरखपुर में 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल बंद गोरखपुर. जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने 26 सितंबर 2026 को कक्षा एक से 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह की ओर से शुक्रवार को कार्यालय आदेश जारी किया गया। जारी आदेश के मुताबिक, अवकाश का आदेश परिषदीय, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, संस्कृत एवं स्ववित्तपोषित विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अलावा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से संचालित एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय भी इसके दायरे में शामिल हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 26 सितंबर को कक्षा एक से कक्षा 12 तक की सभी कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इसका अनुपालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित विद्यालय के प्रबंधक, प्रधानाचार्य अथवा प्रधानाध्यापक स्वयं जिम्मेदार होंगे। ऐसे में सभी विद्यालयों को निर्धारित अवकाश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। साथ ही समाचार पत्रों के ब्यूरो प्रमुखों को भी आदेश की प्रति प्रकाशन के लिए उपलब्ध कराई गई है।