घर में फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
घर में फांसी लगाकर महिला ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस घटना का कारण स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव सुमेरपुर, हमीरपुर। थाना क्षेत्र के पत्योरा गांव के मजरा मलिहाताला में गुरुवार दोपहर एक महिला ने सूना घर पाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटना का स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। पत्योरा निवासी रामविलास निषाद की पत्नी दूर्जी निषाद (45) ने दोपहर करीब 1:30 बजे घर में फांसी लगा ली। जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका अपने पीछे पति रामविलास और पुत्र प्रेमी निषाद व राजन निषाद को छोड़ गई है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरविंद निषाद ने किसी विवाद की बात से इनकार करते हुए घटना को अज्ञात कारणों से जोड़ा है। थानाध्यक्ष पवन पटेल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।