*विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आईटीएम गीडा में रक्तदान शिविर, रक्तदान के साथ

*विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आईटीएम गीडा में रक्तदान शिविर, रक्तदान के साथ हुआ पौधरोपण* सहजनवा गोरखपुर विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट (आईटीएम), गीडा, गोरखपुर में रोटरी क्लब गोरखपुर के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर की डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रोटरी क्लब गोरखपुर के अध्यक्ष प्रवीर आर्य ने कहा कि रोटरी क्लब सदैव समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। आईटीएम के साथ आयोजित यह रक्तदान शिविर मानव सेवा की दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं संस्थान के सदस्यों की सहभागिता की सराहना की। इस अवसर पर आईटीएम के निदेशक डॉ. एन. के. सिंह ने कहा कि विश्व फार्मासिस्ट दिवस केवल स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों के योगदान को सम्मानित करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि रक्तदान और पौधरोपण जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, संवेदनशीलता एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान आईटीएम के अध्यक्ष नीरज मातनहेलिया, सचिव श्याम बिहारी अग्रवाल, कोषाध्यक्ष निकुंज मातनहेलिया एवं संयुक्त सचिव अनुज अग्रवाल ने भी उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। रक्तदान शिविर के साथ परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. अर्चना त्रिपाठी एवं अन्य अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान जहां किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने का माध्यम है, वहीं पौधरोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में फार्मेसी के निदेशक डॉ पी डी पांडा,डीन रिसर्च डॉ बीरेंद्र श्रीवास्तव, डॉ निधि गुप्ता,विभागध्यक्ष श्वेता सिंह, रोटरी क्लब गोरखपुर के शुभेन्दु श्रीवास्तव, डॉ रीना त्रिपाठी, प्रखर रंजन, मनकेश्वर एवं डॉ धीरज कुमार, सचिन कुमार, सुजाता दास सहित संस्थान के सभी शिक्षकगण तथा विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।