Bansgaon Sandesh
Login
S
Azamgarhलगभग १ घंटा पहले

आगामी त्योहारों को लेकर ईओ को सौंपा ज्ञापन

आगामी त्योहारों को लेकर ईओ को सौंपा ज्ञापन

​आजमगढ़। नगर पालिका परिषद आजमगढ़ का वार्ड नंबर 07 गुरुटोला, अनंतपुरा इन दिनों मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव और प्रशासनिक उपेक्षा का दंश झेल रहा है। आगामी प्रमुख त्योहारों (दुर्गा पूजा, दीपावली और डाला छठ) के सिर पर होने के बावजूद वार्ड में प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और सड़कों की हालत बद से बदतर बनी हुई है। जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों की इस कुंभकर्णी नींद व उदासीनता से आजिज आकर स्थानीय सभासद एवं जिला योजना समिति के सदस्य मोहम्मद अफजल ने पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार हमला बोला है। ​सभासद मोहम्मद अफजल ने बताया कि पूरे इलाके की गंभीर समस्याओं को लेकर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को कई बार ज्ञापन व मांग पत्र दिए जा चुके हैं। हाल ही में पालिका द्वारा जारी पत्रांक का हवाला देते हुए उन्होंने एक बार फिर मनोनीत सभासद गुरुटोला निवासी सविता सोनकर और डाक्टर पूनम सिंह के साथ अध्यक्ष व अधिशाषी अधिकारी को अत्यंत आवश्यक मांग पत्र सौंपा है। ​उन्होंने बताया कि वार्ड की मुख्य सड़कों और आंतरिक गलियों में महीनों से लाइटें बंद/खराब पड़ी हैं। उन्होंने मांग की है कि त्योहारों के दृष्टिगत ​मुख्य सड़कों और गलियों के पोलों पर तत्काल नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं। ​संवेदनशील चौराहों और अंधेरे वाले स्थानों पर नई सोलर लाइटों की स्थापना हो। ​बंद पड़ी लाइटों का विभागीय टीम भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और उनकी तत्काल मरम्मत हो। ​अफजल ने तंज कसते हुए कहा, अध्यक्ष अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों को निभाने में पूरी तरह असफल साबित हो रहे हैं और अब विधानसभा के ख्वाब देख रहे हैं! कागजों में तमाम विकास कार्य पास दिखाए गए हैं, लेकिन धरातल पर एक भी काम शुरू नहीं हो सका है। ​बदहाली की दास्तान इस कदर है कि जर्जर तार, टूटी नालियां और दूषित पानी का खतरा ​वार्ड नंबर 07 की स्थिति की जमीनी हकीकत बयां करते हुए सभासद और स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका की कारगुजारी की पोल खोलकर रख दी। एक तरफ जहां पूरा वार्ड रात में अंधेरे में डूब जाता है—जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी होती है, वहीं दूसरी तरफ कुछ जगहों पर स्ट्रीट लाइटें 24 घंटे जलकर बिजली की बर्बादी कर रही हैं। वार्ड में बिजली के जर्जर तार जगह-जगह हवा में लटक रहे हैं और पोल नीचे से जंग खाकर कट चुके हैं। ये ढहे हुए पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। पिछले एक साल से भी अधिक समय से नालियां टूटी पड़ी हैं, जिन पर न तो पटिया रखी गई है और न ही क्षतिग्रस्त इंटरलॉकिंग की मरम्मत कराई गई है। पीने के पानी के लिए लगाई गई प्याऊ की टंकियों का रखरखाव न होने से उनमें पेड़ की टहनियां अंदर तक घुस चुकी हैं, जिससे लोगों को दूषित पानी मिलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है। ​​नगर पालिका प्रशासन की इस अनदेखी और लापरवाही से वार्डवासी भी आक्रोषित है, नागरिकों का कहना है कि वे हर दिन जान हथेली पर रखकर इन रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं। आगामी त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए यदि समय रहते प्रकाश व्यवस्था और जर्जर स्थिति को दुरुस्त नहीं किया गया, तो कोई अप्रिय दुर्घटना घट सकती है। ​सभासद मोहम्मद अफजल ने चेतावनी दी है कि यदि नगर पालिका प्रशासन ने जनहित और त्योहारों की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत ठोस कार्रवाई नहीं की और किए गए कार्यों की लिखित सूचना उपलब्ध नहीं कराई, तो वह जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

0 likes
0 comments1 shares