डिप्टी सीएम को ज्ञापन सौंप आयुष चिकित्सकों ने की मानदेय विसंगति दूर

डिप्टी सीएम को ज्ञापन सौंप आयुष चिकित्सकों ने की मानदेय विसंगति दूर करने की मांग 21 सितंबर को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी बड़हलगंज। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत आयुष चिकित्सकों ने मानदेय में विसंगति दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के माध्यम से प्रेषित किया। मंगलवार को राजा हरिप्रसाद मल्ल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, खड़ेसरी के आयुष चिकित्सकों ने विधायक राजेश त्रिपाठी के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों में करीब 4,000 आयुष चिकित्सक वर्ष 2009-10 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वर्ष 2009-10 और 2010-11 में आयुष एवं एमबीबीएस चिकित्सकों का मानदेय लगभग समान था, लेकिन वर्तमान में एमबीबीएस चिकित्सकों का बेसिक मानदेय बढ़ाकर 25,000 रुपये कर दिया गया है, जबकि आयुष चिकित्सकों का बेसिक मानदेय मात्र 7,000 रुपये है। चिकित्सकों ने इसे समान परिस्थितियों में गंभीर मानदेय विसंगति बताते हुए शीघ्र दूर करने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि करीब 4,000 आयुष चिकित्सकों के हित में 20 सितंबर तक मानदेय विसंगति दूर करने के लिए सकारात्मक निर्णय लिया जाए। ऐसा नहीं होने पर 21 सितंबर को सुबह 8 बजे प्रदेशभर के आयुष चिकित्सक लखनऊ में अपनी न्यायोचित मांगों के समर्थन में विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। आयुष चिकित्सकों एवं मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने विधायक राजेश त्रिपाठी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने वादे के अनुसार उनकी आवाज को उच्च स्तर तक पहुंचाया है। विधायक ने समस्या के जल्द समाधान का आश्वासन भी दिलाया। इस दौरान डॉ. वसीम सिद्दीकी, डॉ. मोहम्मद आरिफ, डॉ. आकाश मौर्या, डॉ. अक्षय कर्नवाल, डॉ. अमित सिंह, डॉ. मर्दुल यादव आदि मौजूद रहे।