पक्का घाट से एमआरएफ सेंटर तक बनेगी सीसी सड़क, चेयरमैन

पक्का घाट से एमआरएफ सेंटर तक बनेगी सीसी सड़क, चेयरमैन प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण 35 लाख रुपये की लागत से हो रहा निर्माण, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की दी हिदायत बड़हलगंज। नगर पंचायत बड़हलगंज के वार्ड नंबर 16 पवहारी महाराज नगर स्थित कुटिया मोहल्ले में पक्का घाट से एमआरएफ सेंटर तक 35 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। सोमवार को चेयरमैन प्रतिनिधि महेश उमर ने निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. प्रीति महेश उमर और चिल्लूपार विधायक राजेश त्रिपाठी के प्रयासों से इस महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है। इस सड़क के बन जाने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही एमआरएफ सेंटर तक पहुंचने में भी आसानी होगी। निरीक्षण के दौरान महेश उमर ने संबंधित ठेकेदार और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोपरि होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली और अन्य आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण मिल सके। इस अवसर पर सभासद रवि साहनी, दीपक शर्मा, बृजेश उमर, मनोज निगम, परमात्मा पटवा, अमलेश भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।