Bansgaon Sandesh
Login
Rahul kumar singh
Sultanpurलगभग २ घंटे पहले

नगर पालिका बोर्ड बैठक में 100 करोड़ का बजट प्रस्ताव पारित सुलतानपुर,

नगर पालिका बोर्ड बैठक में 100 करोड़ का बजट प्रस्ताव पारित सुलतानपुर, 06 मई 2026। नगर पालिका परिषद सुलतानपुर के सभाकक्ष में बुधवार को पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चार प्रमुख एजेंडों—वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट, नामांतरण शुल्क, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के प्रस्ताव—पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 73 करोड़ 36 लाख रुपये की अनुमानित आय का बजट प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही पिछले वर्ष की 33 करोड़ रुपये की अवशेष धनराशि को जोड़ते हुए कुल लगभग 100 करोड़ रुपये के व्यय का प्रस्ताव तैयार किया गया, जिसे बोर्ड ने ध्वनिमत से पारित कर दिया। पालिकाध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस बजट में शहर के समग्र और बहुआयामी विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि बजट के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा। इसमें पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने, सड़कों के निर्माण व मरम्मत, मार्ग प्रकाश व्यवस्था में सुधार तथा जल निकासी प्रणाली को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बैठक में झील संरक्षण कार्यक्रम, नगरीय झील-तालाब एवं पोखर संरक्षण योजना, नगरीय पेयजल कार्यक्रम (जिला योजना), पार्कों के निर्माण एवं विकास, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, नगरीय मलिन बस्ती विकास योजना तथा सीवरेज और जल निकासी से जुड़ी योजनाओं के प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इसके तहत चौराहों और पार्कों के सौंदर्यीकरण तथा सभी वार्डों में विकास कार्यों के प्रस्ताव भेजे जाएंगे। चर्चा के दौरान सभासद संजय कप्तान, प्रवीण मिश्र, भैयादीप सिंह, मो. जाहिद, गिरीश मिश्र, दिनेश चौरसिया, विजय कुमार जायसवाल, रमेश सिंह और अफजल अंसारी सहित कई सदस्यों ने जनहित से जुड़े सुझाव रखे। बैठक में कुल 34 में से 32 सदस्य उपस्थित रहे, जिसमें 25 वार्ड सभासद, 5 नामित सभासद और विधान परिषद सदस्य शैलेन्द्र प्रताप सिंह की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। नगर पालिका ने शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

0 likes
0 comments0 shares