Bansgaon Sandesh
Login
Rajkumar Raj
Gorakhpurलगभग १ घंटा पहले

खोराबार में 67 कुंतल अवैध पटाखों का जखीरा बरामद,

खोराबार में 67 कुंतल अवैध पटाखों का जखीरा बरामद,

खोराबार में 67 कुंतल अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, कारोबारी गिरफ्तार रात में चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली बड़ी सफलता, विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज गोरखपुर। खोराबार थाना क्षेत्र में अवैध विस्फोटक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 67 कुंतल पटाखों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से विजय कुमार जायसवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों की बरामदगी से क्षेत्र में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थों के भंडारण और कारोबार का मामला सामने आया है। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, अपराधों पर अंकुश लगाने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार की रात खोराबार थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना क्षेत्र में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने कार्रवाई की और विजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 67 कुंतल पटाखे बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय कुमार जायसवाल पुत्र स्वर्गीय जगदीश नारायण जायसवाल, निवासी खोराबार थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। बरामद पटाखों की मात्रा काफी अधिक होने के कारण पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक पदार्थों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके पीछे कोई संगठित कारोबार तो नहीं है, इन पहलुओं पर भी जांच की जा सकती है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर खोराबार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 533/26 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुसुमेन्द्र सिंह के नेतृत्व में खोराबार थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम में खोराबार थाने के कांस्टेबल राजेश पाठक, सतीश कुमार और रिजर्व कांस्टेबल सतीश कुमार के साथ एंटी थेफ्ट सेल के निरीक्षक सुनील कुमार राय, आरक्षी रमेश कुशवाहा राय, भूपेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र नाथ तिवारी, मिथिलेश बहादुर सिंह, आरक्षी अंकित कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार शामिल रहे। 67 कुंतल पटाखों की बरामदगी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।

0 likes
0 comments0 shares