गंगा के टापू पर फंसे 12 चरवाहे और 2000 से अधिक भेड़ें,

गंगा के टापू पर फंसे 12 चरवाहे और 2000 से अधिक भेड़ें, पुलिस-प्रशासन ने 6 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी को बचाया नाइट विजन ड्रोन से चिन्हित की गई लोकेशन, PAC और स्थानीय नाविकों की मदद से चला अभियान गाजीपुर, 31 अगस्त। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच पुलिस और प्रशासन की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। ग्राम डूहिया सरैया, थाना सुहवल के पास गंगा नदी के टापू पर फंसे 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने करीब छह घंटे तक चले जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया।जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 की रात गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने के कारण कई चरवाहे अपनी भेड़ों के साथ नदी के टापू पर फंस गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के नेतृत्व में एडीएम, एसडीएम सदर, क्षेत्राधिकारी नगर तथा पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम तत्काल ददरी घाट पहुंची।रात के अंधेरे में टापू पर फंसे लोगों और पशुओं की सही स्थिति का पता लगाने के लिए नाइट विजन ड्रोन कैमरे की मदद ली गई। ड्रोन के माध्यम से 12 चरवाहों और करीब 2000 से 2500 भेड़ों की लोकेशन चिन्हित की गई।इसके बाद फ्लड कंपनी PAC, पुलिस टीम, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नाविकों की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद करीब छह घंटे तक लगातार चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी 12 चरवाहों और 2000 से अधिक भेड़ों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।रेस्क्यू अभियान की सफलता के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं चरवाहों ने गाजीपुर पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई तथा जीवन रक्षा के प्रयासों की सराहना की।