कादीपुर, सुलतानपुर। प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और राजस्व कार्यों में तेजी
कादीपुर, सुलतानपुर। प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और राजस्व कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी इन दिनों पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। कार्य में लापरवाही और शिथिलता बरतने वाले कर्मचारियों पर उन्होंने सख्त कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपजिलाधिकारी द्वारा की गई समीक्षा के दौरान वसूली कार्य में लगातार लापरवाही पाए जाने पर संग्रह अमीन दिनेश कुमार शर्मा, वसूली क्षेत्र मझगवा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि कई बार चेतावनी के बावजूद अपेक्षित प्रगति न होने पर यह कठोर कदम उठाया गया। इसके अलावा, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य राजस्व कार्यों में शिथिलता बरतने के आरोप में लेखपाल एकता गिरी और उजाला बानो को उनके वर्तमान कार्यक्षेत्र से हटाकर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। इस कार्रवाई के बाद तहसील क्षेत्र के कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति है। वहीं, आम जनता में इस सख्ती को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन की इस सक्रियता से राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण संभव हो सकेगा। उपजिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। किसी भी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरतने पर आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।