देवरिया में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, कई सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों

देवरिया में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल, कई सीएचसी और पीएचसी प्रभारियों का तबादला देवरिया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल किया है। शनिवार को जारी आदेश के तहत कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर में तैनात डॉ. सत्येंद्र कुमार राव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर का अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं सलेमपुर सीएचसी में कार्यरत डॉ. अतुल कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपते हुए अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का प्रभार दिया गया है। इसी क्रम में डॉ. बृजवासी सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर का अधीक्षक बनाया गया है। गौरी बाजार सीएचसी में तैनात डॉ. ब्रह्मानंद गिरी को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। जबकि तरकुलवा सीएचसी में कार्यरत डॉ. मनोज कुमार जैन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरी बाजार का प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपार रानी में तैनात डॉ. इमाम हुसैन सिद्दीकी को पीएचसी भाटपार रानी का प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक बनाया गया है। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैसलमेर में कार्यरत डॉ. ओमप्रकाश को भी भाटपार रानी पीएचसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीएमओ द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को स्वास्थ्य विभाग में व्यवस्था सुधार और सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नई तैनातियों से स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा तथा आम जनता को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।