बकरीद से पहले देवरिया प्रशासन अलर्ट डीएम और एसपी ने सलेमपुर में

बकरीद से पहले देवरिया प्रशासन अलर्ट डीएम और एसपी ने सलेमपुर में किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा देवरिया । बांसगांव सन्देश । जनपद में आगामी बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बुधवार को थाना सलेमपुर क्षेत्र में संयुक्त रूप से पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने कस्बा सलेमपुर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार तथा थानाध्यक्ष सलेमपुर दिनेश कुमार मिश्र भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। गश्त के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों, महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं अनुशासन के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।