हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल संवाद सूत्र, सिकरीगंज। सिकरीगंज थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे दो आरोपियों को सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को उसरैन पुल अंडरपास के पास से दबोचा। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में पूर्व में हुए विवाद को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे, रॉड और अन्य हथियारों से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी थी। मामले में सिकरीगंज थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रभारी निरीक्षक अंजुल कुमार चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को गफ्फार पुत्र जब्बार निवासी बेड़ाचक और अजय पुत्र राजकुमार निवासी घोड़सारी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल अखिलेश यादव और रामाशंकर शामिल रहे।