जेसीबी चलाकर सार्वजनिक मार्ग को कराया गया अतिक्रमण मुक्त गगहा गोरखपुर बांसगांव

जेसीबी चलाकर सार्वजनिक मार्ग को कराया गया अतिक्रमण मुक्त गगहा गोरखपुर बांसगांव संदेश गगहा थाना क्षेत्र के वेला वीरभान गांव में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। एसडीएम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में तहसील प्रशासन और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से अवैध रूप से निर्मित बाउंड्री वॉल को ध्वस्त करा दिया। वेला वीरभान पीड़ित निवासी नीरज तिवारी ने सार्वजनिक रास्ते पर दबंगों द्वारा किए गए अतिक्रमण की शिकायत स्थानीय थाना एवं उपजिलाधिकारी बांसगांव से की थी। आरोप था कि रास्ते पर बाउंड्री वॉल बना दिए जाने से उनका आवागमन बाधित हो गया था और उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत के समाधान के लिए उन्होंने कई बार तहसील और थाने का चक्कर लगाया, लेकिन अतिक्रमण नहीं हट सका। इसके बाद पीड़ित नीरज तिवारी ने उपजिलाधिकारी न्यायालय में धारा 25 तथा तहसीलदार न्यायालय में धारा 67 के तहत वाद दायर किया। मामले की सुनवाई के दौरान एसडीएम कोर्ट ने बंजर भूमि पर बने सार्वजनिक रास्ते से अतिक्रमण हटाने का आदेश जारी किया। सोमवार को तहसीलदार सुशील कुमार भारती, नायब तहसीलदार विजय प्रताप सिंह, कानूनगो राधेश्याम उपाध्याय, लेखपाल प्रवीण कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक आनंद कुमार तथा महिला उपनिरीक्षक स्वाति मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से रास्ते पर बनी अवैध बाउंड्री वॉल को हटवाकर मार्ग को पूरी तरह खाली करा दिया। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी अतिक्रमण हटाने का प्रयास किया गया था, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी। एसडीएम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे आमजन के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।