पुरैनी धाम में श्रीमद्भागवत कथा एवं संत सम्मेलन में बरसी अमृत वर्षा

सरीला/हमीरपुर। ग्राम पुरैनी स्थित श्री सत्यानंद जी आश्रम, पुरैनी धाम में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी निर्माण महोत्सव, श्रीमद्भागवत कथा एवं भक्ति योग वेदांत मानस संत सम्मेलन का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। संत सम्मेलन महायज्ञ के 28वें वार्षिक समारोह के अंतर्गत आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के आठवें दिन कथाव्यास पं. लखनलाल जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान पंडाल “जय श्री कृष्णा” के जयकारों से गूंज उठा। कथा में कालिया नाग दमन एवं गोवर्धन लीला का सजीव वर्णन किया गया, जिसमें धर्म की विजय और अहंकार के नाश का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर भगवान की आकर्षक झांकियां सजाई गईं, भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा आयोजन भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।