चोरी की वारदात का खुलासा: बांसगांव पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को दबोचा, जेवरात व गैस सिलेंडर बरामद

बांसगांव, बांसगांव संदेश। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बांसगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बांसगांव पुलिस ने चोरी/नकबजनी की घटना में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का माल बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक इन्द्रसेन सिंह एवं पुलिस टीम ने गुरुवार तड़के जीरो प्वाइंट बाईपास कौड़ीराम के पास से खुशी आलम उर्फ अरमान पुत्र श्याम मोहम्मद निवासी धस्का, विशाल वर्मा उर्फ भोला पुत्र राजू वर्मा निवासी जरलही कौड़ीराम तथा सन्नी गौड़ पुत्र विशुनदेव निवासी जरलही कौड़ीराम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार थाना बांसगांव में दर्ज मुकदमा संख्या 260/2026 धारा 305(ए), 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही थी। आरोप है कि अज्ञात चोरों ने वादिनी के घर का ताला तोड़कर घर में घुसकर 59,800 रुपये नकद तथा कीमती जेवरात चोरी कर लिए थे। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक लाकेट, पांच बिछुआ, एक एचपी घरेलू गैस सिलेंडर तथा 760 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्टर : नितीश कुमार